शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां के सम्मान में फिनलैंड की राजधानी हेलंसिकी स्थित भारतीय उच्चायोग की ओर से रात्रिभोज का आयोजन किया गया। इटली के बाद अपने अध्ययन प्रवास के लिए फिनलैंड पहुंचे पठानियां और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारतीय उच्चायोग के मिशन प्रमुख मयंक गोयल ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर भारत और फिनलैंड के बीच बढ़ते संबंधों तथा हिमाचल प्रदेश के साथ सहयोग की संभावनाओं को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बातचीत में शिक्षा, पर्यटन, हरित ऊर्जा, सतत विकास तथा संसदीय कार्यप्रणाली के क्षेत्र में अनुभवों के आदान-प्रदान जैसे विषय प्रमुखता से शामिल रहे।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने मयंक गोयल के गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारत-फिनलैंड संबंधों को मजबूत करने तथा फिनलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय के सहयोग के लिए भारतीय उच्चायोग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मिशन प्रमुख को हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण भी दिया।
हिमाचल के पर्यटन और संस्कृति को विदेशों तक पहुंचाने पर जोर
बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को विदेशों में प्रचारित करने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पठानियां ने भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से आग्रह किया कि हिमाचल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने में सहयोग किया जाए।
उन्होंने हिमाचली टोपी, शॉल सहित प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों और उनकी पहचान को भी चर्चा का विषय बनाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान को और मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में शिक्षा, हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्रों में फिनलैंड के अनुभवों से हिमाचल प्रदेश को लाभ पहुंचाने तथा संसदीय कार्यप्रणाली के क्षेत्र में आपसी अनुभव साझा करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।