रामपुर/शिमला (हिंद जनपथ ब्यूरो) : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान 232.93 करोड़ रुपये की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। शिंगला हेलीपैड, रामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं को मजबूत करने वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं भूमि पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने रामपुर तहसील की ग्राम पंचायत भड़ावली में गांवों के समूह के लिए 4.83 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, रामपुर के वार्ड नंबर-8 डकोलड़ में 8.36 करोड़ रुपये की सीवरेज प्रणाली, देवनगर पंचायत में प्लानू से शलून तक 2.56 करोड़ रुपये की प्रवाह सिंचाई योजना और वार्ड नंबर-9 खानरी में मौजूदा सीवरेज योजना से एमजीएमसी अस्पताल खनेरी को जोड़ने के लिए 71 लाख रुपये की सीवरेज कनेक्टिविटी का लोकार्पण किया।
इसके अलावा देलठ में 2.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और रामपुर तहसील में गानवी खड्ड पर 1.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बैली ब्रिज भी जनता को समर्पित किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पेयजल, स्वास्थ्य, सिंचाई और सीवरेज सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विभिन्न सड़कों के निर्माण और उन्नयन कार्यों का भी भूमि पूजन किया। इनमें टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के उन्नयन के लिए 35.93 करोड़ और 54.87 करोड़ रुपये की परियोजनाएं, अस्पताल कॉलोनी से सरलाप्रोग सड़क के लिए 2.50 करोड़ रुपये तथा कोटला-कुन्नी सड़क के लिए 4.19 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है।
इसके अतिरिक्त राजपुरा-दरशाल सड़क के लिए 6.07 करोड़, उरू से धार सड़क के लिए 3.60 करोड़, सवान-दोई सड़क के लिए 4.81 करोड़, सेरी पुल-अणुराक्षी सड़क के लिए 9.99 करोड़, पलजारा-गिन्छा-पेई सड़क के लिए 11.19 करोड़, कूट-किन्फी सड़क के लिए 13.85 करोड़ तथा पटैना-कैंची से दारन घाटी सड़क के लिए 6.85 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भूमि पूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने मंगलाड़ पुल से गांव रूनपू सड़क, मोलगी संपर्क सड़क, रुंगचा-धारला सड़क, दलोग-चाश्नी-मड़ोग सड़क, ढाई-बरकेली सड़क, चड़ी से ढरण सड़क, चकटी-थैली सड़क, चेबड़ी से नगालनी सड़क, लाहरू से खरेला सड़क और एरली-मझेवटी सड़क सहित अन्य सड़क परियोजनाओं के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की भी आधारशिला रखी।
इसके अलावा 45 लाख रुपये की लागत से लबाना-सदाना, भगावत से धोआ गांव और फांचा से फांचा कंडा तक सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्य का भी भूमि पूजन किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ-साथ लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।