शिमला : राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, चौड़ा मैदान में सोमवार को इंग्लिश लिटरेरी सोसाइटी की ओर से दो दिवसीय साहित्यिक महोत्सव ‘वर्ड वीव-2026’ का शुभारंभ हुआ। ‘अ टेपेस्ट्री ऑफ स्टोरीज, विजन्स एंड वॉयसेस’ थीम पर आयोजित इस महोत्सव में शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के 15 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मक अभिव्यक्ति, आलोचनात्मक चिंतन और साहित्यिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से अतिथियों, निर्णायक मंडल और प्रतिभागी महाविद्यालयों के प्राध्यापकों का स्वागत किया गया। इंग्लिश लिटरेरी सोसाइटी की अध्यक्ष एवं महोत्सव समन्वयक डॉ. पूनम किमता चौहान ने स्वागत भाषण में आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
महोत्सव के पहले दिन कविता पाठ, शब्दों की सहायता से कहानी लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी अभिव्यक्ति, वक्तृत्व कला और साहित्यिक कौशल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा रचनात्मक लेखन के तहत निबंध लेखन और पुस्तकों के वैकल्पिक अंत लिखने की प्रतियोगिताएं हुईं।
कार्यक्रम में साहित्यिक ट्रेलर स्क्रीनिंग, पोस्टर एवं चार्ट प्रदर्शनी और वृत्तचित्र प्रदर्शन के माध्यम से आधुनिक कहानी कहने की विभिन्न विधाओं को भी प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
पहले दिन का समापन डॉ. अंशु कौशल के धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ हुआ। महोत्सव के दूसरे दिन भी साहित्यिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।