चंडीगढ़(हिन्द जनपथ ब्यूरो) : हरियाणा में नायब सरकार के तीसरे कार्यकाल के 2 साल पूरे होने पर आज मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे किए हैं।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि सिंगापुर दौरे में 5,500 करोड़ के निवेश पर सहमति बनी। सिंगापुर की कंपनियों के सहयोग से पंचकूला, करनाल, हिसार, सोनीपत और रोहतक को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स एवं तकनीक-आधारित कारोबार के नए केंद्रों के रूप में विकसित करने की योजना है।
वहीं सीएम ने कहा कि स्वीडन दौरे के दौरान प्रमुख औद्योगिक कंपनियों के साथ बैठकों में 4,000 करोड़ के निवेश पर सहमति बनी, जिससे 11,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। दोनों दौरों के दौरान निवेशकों को अप्रैल में आयोजित होने वाली हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2027 के लिए आमंत्रित किया गया।
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026 और 10 सेक्टोरल नीतियां लागू की गई हैं। इनके तहत अगले पांच वर्षों में ₹5 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित करने और 10 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य है। हरियाणा सरकार जनकल्याण, रोजगार, किसान हितों और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है।