अमृतसरः बॉलीवुड एक्ट्रेस और सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान एक्टर आयुष्मान खुराना के साथ मंगलवार को गोल्डन टेंपल पहुंचीं। इस दौरान माथा टेकते वह फूट-फूटकर रोने लगीं। वह अपनी मां अमृता सिंह को भी याद कर रही थीं। एक्ट्रेस के साथ मौजूद गाइड सरबजीत सिंह ने बताया कि सारा ने गोल्डन टेंपल के अंदर अपनी इच्छा जाहिर की थी कि क्या वह वीडियो कॉल के जरिए अपनी मां को यहां के दर्शन करवा सकती हैं।
हालांकि, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश है, उस स्थान पर मोबाइल से वीडियो कॉल करने या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होने के कारण उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। सरबजीत सिंह के मुताबिक, जब तक सारा गोल्डन टेंपल में रहीं, वह भावुक ही दिखाई दीं। इसका वीडियो भी सामने आया। गोल्डन टेंपल से बाहर आकर उन्होंने कहा कि मम्मी की बहुत याद आ रही है। यहां आकर बहुत अच्छा लगा।