अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: योगमय हुआ हरियाणा

अस्सी स्थानों में पांच लाख लोगों ने किया योग, रोहतक में हुआ राज्यस्तरीय समारोह, अमित शाह पहुंचे कार्यक्रम में 

चंडीगढ़ । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को समूचे प्रदेश में 80 स्थानों पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधानसभास्तर से लेकर गांवों में भी योग के प्रति जागरुकता दिखी।

रोहतक के पशु मेला ग्राउंड में राज्यस्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रहे। उनके साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा के हरियाणा प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन, स्वास्थ्यमंत्री अनिल विज, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने योगाभ्यास किया। शाह ने योग को मन की शांति एवं स्वास्थ्य के लिए रामबाण पद्धति करार दिया। 
शाह ने कहा, आज विश्व के 200 से अधिक देश योग से अपना शरारिक, मानसिक, नैतिक व आध्यात्मिक विकास कर रहे हैं। योग हमारे पूर्वजों की धरोहर है और आज पूरे विश्व ने योग का लोहा माना है। योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने योग परिषद का गठन किया है। आज योग के प्रति बुजुर्गों से लेकर युवाओं मे उत्साह बढ़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 1000 व्यायामशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें हर रोज बुजुर्ग, महिला, बच्चे व युवा योगाभ्यास कर रहे हैं। आज प्रदेश भर में 80 स्थानों पर करीब पांच लाख लोगों ने योगभ्यास किया। 
राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने राजभवन में योग क्रियाएं की। उन्होंने कहा कि निरोग जीवन के लिए योग को रोजाना की दिनचर्या में शामिल करना होगा, तभी समाज और देश स्वस्थ रहेगा। योग मानवता के लिए भारतीय प्राचीन पद्धति का अमूल्य उपहार है। योग जीवन जीने की कला है। योग जीवन को सुख, शांति और मुक्ति की ओर लेकर जाता है। हरियाणा विधानसभा स्पीकर कंवर पाल ने जगाधरी में योगाभ्यास  किया। 
डिप्टी स्पीकर संतोष यादव महेंद्रगढ़ के अटेली, महेंद्रगढ़ में शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, नारनौंद में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, झज्जर में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, परिहवन मंत्री कृष्ण लाल पंवार पानीपत के इसराना, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन सोनीपत के राई, उद्योग एवं वाणिज्यि मंत्री  विपुल गोयल और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने फरीदाबाद, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह व लोक निर्माण (भवन एवं सडक़ें) मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में योग क्रियाएं की। 
जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी राज्य मंत्री बनवारी लाल रेवाड़ी के बावल, सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार ने शाहबाद, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्ण देव कांबोज ने इंद्री, केंद्रीय राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया ने पंचकूला, करनाल सांसद संजय भाटिया ने सीएम सिटी करनाल, कुरुक्षेत्र सांसद नायब सैनी ने कैथल, सोनीपत सांसद रमेश कौशिक ने सोनीपत शहर, राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह ने नरवाना, राज्यसभा सदस्य जनरल डी.पी. वत्स फतेहाबाद के टोहाना, सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल ने सिरसा शहर, हिसार सांसद बृजेंद्र सिंह ने हिसार शहर व भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह ने भिवानी शहर में आयोजित योग समारोह में शिरकत की। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.