राष्ट्र हित के लिए तीसरी बार मोदी सरकार जरूरी : मनोहर लाल

चंडीगढ़/यमुनानगर। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल जगाधरी में पहुंचे। यहां उन्होंने अंबाला लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली यमुनानगर, जगाधरी व सढौरा विधानसभा की चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। पूर्व सीएम ने सभी पदाधिकारियों से बंतो कटारिया को बड़े बहुमत से जिताने के लिए बूथ स्तर पर जुट जाने को कहा। मनोहर लाल ने बूथ सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि बूथ जीता, चुनाव जीता भाजपा का मूलमंत्र है। यहां पूर्व सीएम ने जनता से राष्ट्र हित के लिए मतदान करने की अपील की।
मनोहर लाल ने कहा कि सभी पदाधिकारी बूथ स्तर पर बनी बूथ प्रबंधन समिति त्रिदेव के सदस्यों व आम जनता के बीच सक्रिय संवाद कायम रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा के पन्ना प्रमुख भाजपा संगठन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, शक्ति केंद्र प्रमुख, शक्ति केंद्र पालक आदि सभी सक्रिय होकर कार्य करें। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता भाजपा पार्टी की रीड है। मनोहर लाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और आमजनता के आर्शीवाद से भाजपा केंद्र में फिर से एक बार मोदी सरकार बनाने जा रही है।
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की जनता ने भी हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जिताने का मन बना लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि चुनाव के समय बूथ प्रबंधन में लगे सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ का विशेष ध्यान रखें। अपने बूथ पर ही सारा ध्यान केंद्रित करें और प्रयास करें कि प्रत्येक बूथ पर ज्यादा से ज्यादा मतदान हो, इसके लिए आमजनता को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करें।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा संगठन के पास पन्ना प्रमुख, बूथ प्रमुख, शक्ति केंद्र ,मंडल कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी, प्रदेश कार्यकारिणी व राष्ट्रीय स्तर तक की कार्यकारिणी मौजूद है जो सक्रिय होकर कार्य कर रही है। पूर्व सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार स्पष्ट बहुमत के साथ बनने जा रही है।
कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भाजपा जिला कार्यालय में पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का फूलों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत अभिनंदन किया। कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार की ऑनलाइन नीतियों को पूरे भारतवर्ष में सराहा जा रहा है। बहुत से प्रदेशों में हरियाणा सरकार की नीतियों को लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा दिए गए निर्देशों का सभी भाजपा कार्यकर्ता द्वारा पूरी पालना की जाएगी।
इस दौरान विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी, पूर्व मेयर मदन चौहान, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश चंद ठसका,पूर्व विधायक बलवंत सिंह सढौरा ,पूर्व विधायक ईश्वर पलाका, जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, जिला महामंत्री सुरेंद्र बनकट, चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग,भाजपा नेता देवेंद्र चावला,जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति जौहर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी,धर्म सिंह मट्टू, सुमंत जैन, विपिन सिंगला, रामपाल सिंह, अशोक मेंहदीरत्ता, कैलाश चंद भंगेडा,अनिल कुमार, जसविंदर अम्बली, सुरेंद्र गोयल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.