दुष्यंत चौटाला होंगें जजपा का मुख्यमंत्री चेहरा: डॉ. बांगड

जजपा सभी सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी, भाजपा नहीं होगी 15 पार
रोहतक । जजपा के प्रधान महासचिव डॉ. केसी बांगड ने कहा कि दुष्यंत चौटाला पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे और प्रदेश में अगली सरकार जजपा की होगी। भाजपा अब भुल जाए कि 75 पार होगी, वह तो 15 पार भी नहीं होगी।

डॉ बांगड ने कहा कि भाजपा के पांच साल के शासनकाल के दौरान सरकार ने भ्रष्टाचार की हद पार कर रखी है। प्रदेश का प्रत्येक वर्ग आहत है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अलग मुद्दे होते हैं। मोदी की कोई लहर नहीं होगी।

शनिवार को पार्टी के प्रधान महासचिव डॉ. केसी बांगड रोहतक पहुंचे और रविवार को होने वाली चौधरी देवीलाल के जनसम्मान दिवस के उपलक्ष में होने वाली रैली की तैयारियों का जायजा लिया। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल तक भाईचारा तोड़ने और जातिवाद का जहर फैलाया है। प्रदेश की जनता अब इसका हिसाब कर देगी।

डॉ. बांगड ने कहा कि जजपा ने जींद उप चुनाव में भाजपा को अपनी ताकत का अहसास करा दिया था। अब प्रदेश में अगली सरकार जजपा की होगी। मेला ग्राउंड में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी और आज तक के सभी रिकार्ड टूट जाएंगे।

डॉ. केसी बांगड ने कहा कि आज भाजपा राज में सबसे अधिक किसान और आम आदमी परेशान है। किसानों को अपनी फसल का लागत मूल्य तक नहीं मिल रहा है। यही हाल कर्मचारियों का है। कर्मचारी अपने हक को पाने के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.