पेटीएम अपडेट करने की कॉल कर लिया दो महिलाओं से डिटेल, खाते से निकाल ली रकम

नई दिल्ली । राजधानी में अब साइबर अपराधियों ने भारतीय ई-कामर्स पेमेंट सिस्टम ‘पेटीएम’ के खाताधारकों को चपत लगानी शुरू कर दी है। इन शातिरों ने रोहिणी जिले के प्रशांत विहार इलाके की दो महिलाओं से पेटीएम की जानकारी लेकर उनके खातों से 1,62,646 रुपये निकाल लिए हैं।रोहिणी सेक्टर-13 में रहने वाली अनिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके पास एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को पेटीएम का अधिकारी बताया और पेटीएम खाते को अपडेट करने के लिए अहम जानकारी मांगी। अनिता कहना है कि उस व्यक्ति के भरोसे में आकर उन्होंने सारी महत्वपूर्ण जानकारी दे दी। इसके बाद उनके खाते से सात बार में 62 हजार आठ सौ साठ रुपये निकाल लिए गए।
ऐसा ही वाकया सेक्टर-9 रोहिणी इलाके में रहने वाली बेबी के साथ हुआ है। बेबी सेक्टर-15 रोहिणी के एक स्कूल में नौकरी करती है। बेबी को इन शातिरों ने एक लाख रुपये की चपत लगा दी है। पुलिस ने दोनों महिलाओं की शिकायत पर बुधवार को मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि कॉलर के नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। उम्मीद है जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published.