मकर सक्रांति पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

ऋषिकेश । कड़कडाती ठंड और कोहरे के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं ने मकर सक्रांति पर त्रिवेणी घाट सहित रामझूला, लक्ष्मण झूला के घाटों पर गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने खिचड़ी का प्रसाद भी वितरित किया।
मकर सक्रांति के अवसर पर मंगलवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का आना प्रारंभ हो गया था। त्रिवेणी घाट पर लोगों ने बुधवार भोर चार बजे से गंगा में डुबकी लगानी शुरू कर दी। श्रद्दालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। गंगा सभा ने महिलाओं के लिए स्नान करने के उपरांत कपड़े बदलने की व्यवस्था भी की थी। लक्ष्मण झूला मार्ग पर खिचड़ी प्रसाद वितरण कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल और भगवान गिरी आश्रम के महंत बाबा भूपेंद्र गिरी,  भरत मंदिर के महंत अशोक प्रपन्न शर्मा ने शहरवासियों को मकर संक्रांति पर्व की बधाई दी। इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि मकर संक्रांति पर्व का भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान है। यह पर्व सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। इस दौरान नगर महापौर अनीता ममगांंई, विनोद शर्मा, महेश शर्मा, चेतन शर्मा, विवेक गोस्वामी, राजपाल सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.