राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय परियोजना पर जल्द शुरू होगा काम : रिजिजू

नई दिल्ली । केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय का खाका तैयार किया, जिसे इम्फाल में स्थापित किया जाएगा। एक बैठक में खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय परियोजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। परियोजना से संबंधित डिजाइन, लेआउट और वास्तु संबंधी विशिष्टताओं के बारे में एक विस्तृत प्रस्तुति आज खेल मंत्री को दी गई। विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय अपनी तरह का ऐसा पहला विश्वविद्यालय होगा, जहां खेल विज्ञान, खेल तकनिकी, खेल प्रबंधन और खेल प्रशिक्षण के कोर्स कराए जाएंगे। इसके अलावा इस विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय अभ्यासों के साथ, चुनिंदा खेल विषयों के  राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र भी होंगे।

उल्लेखनीय है कि देश के पहले खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला मार्च 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। किरण रिजिजू को 31 मई को केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.