लोकसभा रूझान: भाजपा उम्मीदवार किशन कपूर की बढ़त चार लाख के पार

शिमला । हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर मतगणना जारी है और भाजपा उम्मीदवारों ने निर्णायक बढ़त बना ली है। कांगड़ा सीट पर भाजपा उम्मीदवार किशन कपूर चार लाख 22 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस ने इस सीट से अपने विधायक पवन काजल पर दांव खेला था, लेकिन वह भाजपा को टक्कर नहीं दे पाए और मतगणना के पहले राउंड से ही पिछड़ते चले गए। अहम बात यह है कि साल 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने कांगड़ा सीट पर 1.70 लाख मतों से जीत दर्ज की थी। तब भाजपा के दिग्गज शांता कुमार चुनाव मैदान में थे।

राज्य की अन्य तीन सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवार तीन लाख से अधिक मतों से लीड दे रहे हैं। 
हमीरपुर सीट से अनुराग ठाकुर 3.75 लाख, मंडी से रामस्वरूप शर्मा 3.36 लाख और शिमला से सुरेश कश्यप 3.23 लाख मतो ंसे आगे चल रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस अपने गढ़ों में भी बढ़त नहीं ले पाई। भाजपा को पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के विस हल्के अर्की से 29 हजार, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के हल्के हरोली से 13 हजार और रोहड़ू से 8 हजार वोटों की लीड मिली। माना जा रहा है कि चारो ंसीटों पर भाजपा उम्मीदवार साल 2014 के जीत के मार्जन को भी पीछे छोड़ देंगे। 2014 में भी भाजपा ने चारोें सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की थी। 
गौरतलब है कि हिमाचल में इस बार 72.25 फीसदी मतदान हुआ है। पहली बार राज्य में इतना अधिक मतदान हुआ। राज्य की चार लोकसभा सीटों पर 19 मई को आखिरी चरण में मतदान हुआ था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.