हमें तो दिल जीतना हैं, दल तो अपने आप जीत जाएगा: नरेन्द्र मोदी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नामांकन के पूर्व भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने का गुरुमंत्र दिया। कार्यकर्ताओं से किसी भी दल के नेता की आलोचना न करने की नसीहत देते हुए मोदी ने कहा कि चाहे कोई मोदी को कितनी भी गाली दे,आप कुछ मत कहना। चाहे जितनी भी गंदगी हो, मैं उससे खाद बना लेता हूं और उसमें ‘कमल’ खिलाता हूं। हमें दिल जीतने हैं, दल तो अपने आप जीत जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि किसी भी दल के उम्मीदवार की आलोचना न करें। पहली बार मतदाता बने लोगों का एक सूची बनाकर उनको अपने से जोड़ें। चाहे वह किसी दल का हो, उसे गुड़ खिलाकर उसका मुंह मीठा कराएं। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि एक-एक वोट बहुत महत्वपूर्ण होता है। कार्यकर्ता के नाते आपकी कठिनाई बहुत है। उन्होंने कहा कि जनता पांच साल के अनुभव के आधार पर अनेक आशा, आकांक्षा लेकर हमसे जुड़ गई है। जनता ने पूरे देश के राजनीतिक चरित्र को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में इतने चुनाव हुए, लेकिन इस चुनाव के बाद राजनीतिक पंडितों को माथापच्ची करनी पड़ेगी। क्योंकि आजादी के बाद पहली बार सत्ता पक्ष के लिए लहर दिखाई दे रही। जनता सरकार बनाती है, चलाना हमारी जिम्मेदारी है। हम उस जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में जो दायित्व हैं उसे निभा रहा हूं। सांसद के रूप में भी सजग हूं। आज हमारी पार्टी के लिए आप कार्यकर्ता जिम्मेदार हैं। हम सभी भारत मां के छोटे-छोटे सिपाही हैं। कृष्ण ने हमें संठगन में रखना सिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.