हिमाचल की चारों सीट पर भाजपा की बड़े अंतर से जीत, औपचारिक ऐलान बाकी

शिमला । हिमाचल प्रदेश की सभी चारों सीटों पर एक बार फिर कमल खिला है। भाजपा ने चारों संसदीय सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज कर कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया है। कांग्रेस का कोई भी उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में भाजपा को टक्कर नहीं दे पाया। भाजपा ने साल 2014 के आम चुनाव से भी बेहतर प्रदर्शन कर हर सीट पर भारी मतों से जीत हासिल की है। हालांकि चुनाव आयोग द्वारा अभी भाजपा उम्मीदवारों की जीत का औपचारिक ऐलान करना बाकी है।

चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा के किशन कपूर ने कांगड़ा सीट को 4.66 लाख मतों के भारी अंतर से जीत लिया है। इन्होंने कांग्रेस के पवन काजल को पराजित किया। इसी तरह हाॅट सीट मंडी से भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप शर्मा को 3.96 लाख मतों से जीत मिली। उन्होंने कांग्रेस दिग्गज पंडित सुखराम के पौत्र आश्रय शर्मा को मात दी। हमीरपुर सीट से भाजपा के अनुराग ठाकुर ने लगातार चौथी जीत दर्ज की है। अनुराग ने कांग्रेस के रामालाल ठाकुर को 3.87 लाख मतों से परास्त किया। शिमला लोकसभा सीट पर भी भाजपा ने हैट्रिक लगाई है। भाजपा के सुरेश कश्यप यहां से 3.23 लाख मतों से विजयी रहे। कांग्रेस ने शिमला सीट से अपने अनुभवी नेेता एवं पूर्व सांसद धनी राम शांडिल को उतारा था लेकिन वह भाजपा उम्मीदवार को टक्कर देने में नाकाम रहे।अहम बात यह रही कि राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को बढ़त मिली है। लोकसभा चुनाव के इतिहास में भाजपा ने लगातार दूसरी बार क्लीन स्वीप किया है। साल 2014 में भी चारों सीटें भाजपा की झोली में गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.