हिमाचल : बारिश और भूस्खलन से अवरुद्ध 800 सड़कों का बहाली कार्य तेज

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित चल रहा है। मौसम खुलने के बाद भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। सैकड़ों सड़कों के अवरुद्ध होने से कई गांव जिला मुख्यालयों से अलग-थलग पड़े हुए हैं। बीते 17 और 18 अगस्त को मूसलाधार बारिश के चलते राज्य में 1000 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी का इस्तेमाल करते हुए कुछ सड़कों को बहाल कर लिया है। मंगलवार को 800 सड़कें पूरी तरह से बंद पड़ी थीं। इन्हें खोलने के लिए लोकनिर्माण विभाग युद्धस्तर पर प्रयास कर रहा है। दस हज़ार के करीब कर्मचारी बहाली कार्य में लगाए गए हैं।

लोकनिर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम तक 400 सड़कों की खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी जोन में सबसे अधिक 350 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा शिमला जोन में 300, कांगड़ा जोन में 100 और हमीरपुर जोन में 50 सड़कें बाधित हैं।  अधिकारी के मुताबिक भूस्खलन के कारण विभाग को अब तक 451 करोड़ का नुकसान पहुंचा है। इस बीच बीते 24 घण्टों के दौरान प्रदेश में कहीं से भी वर्षा का समाचार नहीं है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन राज्य में भारी बारिश की संभावना से इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.