पंचकूला : उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने आज पंचकूला की विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने मार्केट एसोसिएशनों से अपील करते हुए कहा कि वे बाजारों को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि 10 दिनों के बाद किसी भी दुकान या शोरूम के सामने खाद्य पदार्थों की अवैध रेहड़ी-फड़ी पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में नोटिस जारी करने के साथ-साथ नियमानुसार आगामी कार्रवाई भी शामिल होगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी श्री वीरेंद्र लाठर , एसीपी श्री विक्रम नेहरा, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसडीओ श्री बलराज और जेई श्री गुरनाम सिंह भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि दुकानों के सामने अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाए जाने से न केवल ग्राहकों को असुविधा होती है, बल्कि नियमित दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित होता है। इसके अतिरिक्त, बाजारों में अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के कारण यातायात जाम की समस्या भी उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि दुकानों के सामने सार्वजनिक कॉरिडोर में एक से दो फुट तक की रियायत दी जा सकती है, लेकिन इससे आगे सामान रखा पाया गया तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।
श्री सतपाल शर्मा ने कहा कि पंचकूला की सभी सेक्टर मार्केटों का संचालन व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने एचएसवीपी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मार्केट के लिए एक-एक अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए। किसी भी मार्केट में अवैध अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
मार्केटों में शौचालयों की मरम्मत एवं नवीनीकरण के संबंध में उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा आवश्यकता के अनुसार शौचालयों की मरम्मत और उन्नयन कार्य करवाया जाएगा, ताकि बाजारों में आने वाले ग्राहकों को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
सेक्टर-20 मार्केट को बद्दी (हिमाचल प्रदेश) स्थित कुछ कंपनियों द्वारा कर्मचारियों के पिक-अप प्वाइंट के रूप में उपयोग किए जाने की शिकायत पर उपायुक्त ने पुलिस विभाग को ऐसे वाहनों के चालान करने तथा पिक-अप प्वाइंट को अन्यत्र स्थानांतरित करवाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि संबंधित कंपनियों के कर्मचारी अपने निजी वाहन मार्केट में पार्क करते हैं, जहां से बसों द्वारा उन्हें बद्दी ले जाया जाता है। इससे मार्केट में पार्किंग की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है, जिसके कारण दुकानदारों और स्थानीय ग्राहकों में असंतोष है।
स्कूलों के सामने बसों की पार्किंग के कारण लगने वाले यातायात जाम के मुद्दे पर उपायुक्त ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूल खुलने पर सभी स्कूल प्रबंधन समितियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। उन्हें निर्देश दिए जाएंगे कि स्कूल बसों को विद्यालय परिसर के भीतर ही खड़ा किया जाए, ताकि स्कूलों के बाहर भीड़भाड़ और यातायात बाधित होने जैसी स्थिति न बने। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा जाएगा कि स्कूल स्टाफ अपने निजी वाहन बाजारों में पार्क न करे।
इस अवसर पर सेक्टर-7, सेक्टर-9, सेक्टर-20 तथा पंचकूला के अन्य सेक्टरों की मार्केट एसोसिएशनों के प्रधान, महासचिव एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।