पंचकूला : माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ के निर्देशानुसार सेक्टर-1 स्थित जिला अदालत परिसर, पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित शर्मा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कीर्ति वशिष्ठ, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अभिधा गुप्ता तथा एसडीजेएम कालका अभिमन्यु राजपूत सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। पंचकूला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश शर्मा और बार के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर एडीजे अमित शर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी को स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया।
एसीजेएम कीर्ति वशिष्ठ ने भी योग के लाभों पर चर्चा करते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा मन और शरीर के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में सहायक है। उन्होंने प्रतिभागियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला अदालतों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ हुआ।