साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर(हिंद जनपथ ब्यूरो) : पंजाब की धरती पर पहली बार आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का ट्रॉफी टूर आज ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, फेज-10, मोहाली से शुरू हुआ। इस अवसर पर विधायक डेराबस्सी कुलजीत सिंह रंधावा, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, वर्ष 2011 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता राजपाल सिंह हुंदल तथा ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रभजोत सिंह उपस्थित थे।
इस ट्रॉफी टूर का उद्देश्य पंजाब में आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट के प्रति खेल प्रेमियों में उत्साह पैदा करना और युवाओं को हॉकी से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है।
पहले दिन ट्रॉफी टूर साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर से फतेहगढ़ साहिब होते हुए पटियाला पहुंचेगा, जहां रात्रि विश्राम होगा। 19 अक्टूबर को ट्रॉफी सुबह 8 बजे मालेरकोटला, दोपहर 12 बजे बरनाला और शाम 5 बजे संगरूर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। प्रदेश भर का यह ट्रॉफी टूर 26 अक्टूबर को जालंधर में संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों की सराहना
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पंजाब में करवाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर से 5 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर और साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) में खेले जाएंगे। जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक छह देशों की टीमों के लीग मुकाबले होंगे, जबकि मोहाली में 4 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल और 5 नवंबर को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला तथा फाइनल खेला जाएगा।
इस टूर्नामेंट में भारत, बांग्लादेश, जापान, चीन, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें भाग लेंगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने के साथ-साथ पंजाब में खेल संस्कृति को और मजबूत करेंगे।
स्टेडियम में मरम्मत के प्राथमिक कार्य पूरे: डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल
डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने स्टेडियम में चल रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन ने पंजाब के खेल विभाग के सहयोग से स्टेडियम में नवीनीकरण और मरम्मत के प्राथमिक कार्य पूरे कर लिए हैं।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के ठहरने और स्टेडियम के भीतर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि एशियन हॉकी महासंघ द्वारा बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयनित अंतरराष्ट्रीय टीमों की मेजबानी करना मोहाली के लिए गर्व की बात होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मोहाली से शुरू हुआ ट्रॉफी टूर युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाएगा और उन्हें जालंधर तथा मोहाली में होने वाले मुकाबलों को देखने के लिए प्रेरित करेगा।
पंजाब को टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना प्रदेशवासियों के लिए उपहार: राजपाल सिंह हुंदल
वर्ष 2011 में चीन में आयोजित पहली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता राजपाल सिंह हुंदल ने कहा कि पंजाब के लिए यह गर्व की बात है कि प्रदेश को इस प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम यह खिताब चार बार अपने नाम कर चुकी है और एक बार संयुक्त रूप से जीता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी मुकाबले बेहद रोमांचक होंगे और भारतीय टीम एक बार फिर इतिहास रचेगी।
ट्रॉफी टूर युवाओं को हॉकी से जोड़ेगा: ओलंपियन प्रभजोत सिंह
ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रभजोत सिंह ने कहा कि पंजाब में विश्व की प्रमुख हॉकी टीमों के मुकाबले आयोजित होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट का सफल आयोजन भविष्य में पंजाब में और बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों की मेजबानी के नए अवसर खोलेगा।
उन्होंने कहा कि ट्रॉफी टूर युवाओं को हॉकी की ओर आकर्षित करेगा और उन्हें टेलीविजन पर मुकाबले देखने के बजाय स्टेडियम में पहुंचकर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का प्रत्यक्ष अनुभव लेने के लिए प्रेरित करेगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को बनाया यादगार
ट्रॉफी टूर की शुरुआत से पहले पीआईएस वॉरियर्स और पीआईएस मोहाली के बीच एक प्रदर्शनी मैच करवाया गया। मैच से पहले विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, राजपाल सिंह हुंदल और प्रभजोत सिंह ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। यह मैच पीआईएस वॉरियर्स ने 2-0 से जीता।
इस अवसर पर अकाल पुरख की फौज द्वारा गतका प्रदर्शन किया गया और शिवालिक स्कूल, मोहाली के विद्यार्थियों ने भांगड़ा प्रस्तुत किया। सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोहाना के बैंड ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई। इस दौरान गणमान्य व्यक्तियों और हॉकी जगत की महान हस्तियों को सम्मानित किया गया तथा ट्रॉफी टूर को पूरे प्रदेश के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर खेल सुखचैन सिंह और जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा सहित विभिन्न खेलों के बड़ी संख्या में कोच और खिलाड़ी स्टेडियम में उपस्थित थे।