धर्मशाला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आम तौर पर चिकित्सकों द्वारा पुरूषों के टेस्टीकल के आपरेशन किए जाते हैं, लेकिन प्रदेश के एक स्वास्थ्य संस्थान में महिला रोगी का भी ये आपरेशन हुआ हैं। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने सदन में काम रोको प्रस्ताव पर जारी चर्चा के बीच हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विपक्ष लगातार हिमकेयर योजना का मामला उठा रहा है, लेकिन इसमें जहां एक ओर पुरूषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन की बात सामने आई थी, वहीं, दूसरी ओर हिमकेयर की जारी जांच के दौरान महिला के टेस्टीकल के आपरेशन का भी पता चला है। उन्होंने कहा कि सरकार इस योजना की जांच कर रही है और आने वाले समय में इसकी रिपोर्ट भी सामने लाई जाएगी। मुख्यमंत्री के इस खुलासे पर विपक्ष के सदस्य सदन में महिला के टेस्टीकल ऑपरेशन के तथ्यों सदन में पेश करने की बात कहते हुए सुनाई दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को हिमाचल फॉर सेल नहीं,बल्कि हिमाचल फॉर अवेल का नारा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किशाऊ, बीबीएमबी और जेएसडब्ल्यू सहित कई अन्य मामलों में सरकार हिमाचल के हकों की लड़ाई जीती है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से पहले विपक्ष के पास तथ्य होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मेडिकल डिवाइस पार्क में नाममात्र के दाम पर हिमाचल की जमीन दी जा रही थी, वह हिमाचल फॉर सेल था। उन्होंने कहा कि हिम चंडीगढ़ में भी सरकार ने कोई जमीन नहीं बेची है, बल्कि इसके लिए आठ हजार बीघा जमीन आवास विभाग के नाम की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई उद्योग नीति जल्द आएगी। इस नीति का मसौदा इस तरह तैयार होगा, जिससे प्रदेश को जीएसटी के तौर पर और राजस्व मिले। साथ ही कहा कि नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ भी अवमानना प्रस्ताव जल्द लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई की है और विपक्ष के एक सदस्य को छुड़ाने के लिए भाजपा के डेढ़ दर्जन विधायक उन्हें बचाने को विजिलेंस कार्यालय पहुंच गए।
अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय श्वेत पत्र कमेटी गठित
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की वित्तीय हालत के साथ-साथ भाजपा सरकार में हुई अनियमितताओं की जांच कर रही है। जांच का जिम्मा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में गठित आठ सदस्यीय समिति को सौंपा गया है। समिति में सचिव (वित्त) को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा समिति में सरकार के काबीना मंत्रियों जगत सिंह नेगी, हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, विक्रमादित्य सिंह और राजेश धर्माणी को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।