धर्मशाला: हिमाचल भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक का आयोजन मंगलवार को कांगड़ा के उत्सव पैलेस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की सक्रियता तथा बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा प्रदेश में अपने संगठन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त तथा सक्रिय बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठ पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहे हैं और आने वाले दिनों में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
डॉ. बिंदल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर को भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर में, 19 नवंबर को किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक देहरा में, 20 नवंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर में तथा 21 नवंबर को महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ऊना में आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में 22 नवंबर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ज्वालामुखी में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह विभिन्न मोर्चों की प्रदेश स्तरीय बैठकों और कार्यशालाओं के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान की जाएगी।
डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने की चुनावी गारंटी को लेकर आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आने वाले दिनों में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों का एक संयुक्त कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सेवादूत अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल एवं पायल वैद्य, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा विधायक पवन काजल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।