चंडीगढ़: राज्य भर में निचले स्तर तक मानकीय सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक और निर्णायक कदम उठाते हुए पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार भलाई मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज राज्य भर में 333 और पिंड (ग्राम) क्लिनिक जल्द खोलने की घोषणा की, जिससे ग्राम क्लिनिकों की कुल संख्या 591 हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि पंजाब भर में 258 ' पिंड क्लिनिक' (ग्राम स्तरीय क्लिनिक) पहले ही सफलतापूर्वक चल रहे हैं।
ये क्लिनिक शहरी क्षेत्रों में लोगों के घरों के नजदीक मुख्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे पहले से ही कार्यशील 1244 आम आदमी क्लिनिकों से अलग हैं।
यहां सिविल सर्जनों की राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं की जिला-वार कार्यप्रणाली का जायजा लिया और जोर देकर कहा कि लोगों का भरोसा कुशल चिकित्सीय इलाज और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार—दोनों पर निर्भर करता है। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ से अपील की कि वे मरीजों और उनकी देखभाल करने वाले व्यक्तियों के साथ पूरी सहानुभूति से पेश आएं, ताकि नागरिकों को मानकीय इलाज लेने में किसी भी तरह की मुश्किल का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी सिविल सर्जनों को हिदायत की कि निचले स्तर के ' पिंड क्लिनिकों' से लेकर जिला अस्पतालों तक हर सरकारी स्वास्थ्य संस्था में जरूरी दवाओं और मेडिकल स्टाफ की निर्विघ्न उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।