एक हजार पुलिसकर्मियों की होगी भर्ती : जय राम ठाकुर

शिमला । मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोमवार को रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एक हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रदेश में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को लागू किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग को बेहतर प्रदर्शन तथा कुशल बनाने के लिए आधुनिक सूचना साधन उपलब्ध किए हैं। प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गुड़िया हेल्पलाइन 1515 और शक्ति बटन ऐप को आरम्भ किया है। उन्होंने पुलिस विभाग से प्रदेश में नशे से सम्बन्धित गतिविधियों पर निगरानी रखने कहा ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके। उन्होंने पुलिस विभाग की मांग के अनुरूप सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व पुलिसकर्मियों को एक पदोन्नति देने की भी घोषणा की। उन्होंने हिमाचल पुलिस की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर सभी पुलिस कर्मियों को विशेष मेडल देने की घोषणा की।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने महिला पुलिस बल की टुकड़ी को मार्चपास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.