एडवेंचर रेस टीम को मुख्यमंत्री ने किया रवाना
देहरादून । दुनिया की मुश्किल एवं खतरनाक एडवेंचर रेस ‘इको चैलेंज’ में भाग लेने जा रही उत्तराखंड की पर्वतारोही ताशी एवं नुग्शी की टीम को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार को अपने आवास से रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस प्रतियोगिता के लिए दोनों बहनों को शुभकामनाएं दी।
प्रशांत महासागर के 332 द्वीप समूहों में से एक फिजी द्वीप में 09 सितम्बर से 21 सितम्बर 2019 तक इको चैलेंज 2019 के नाम से आयोजित होने वाली इस एडवेंचर रेस में 30 देशों की 67 टीमें भाग ले रही हैं। 675 किमी की इस एडवेंचर रेस में 12 एडवेंचर से सम्बन्धित एक्टिविटीज होंगी।
ये सभी एक्टिविटीज फिजी के घने जंगलों, पहाड़ों, नदियों एवं समुद्र के जरिए होंगी। इसकी मेजबानी प्रसिद्ध एडवेंचर्स बेयर ग्रिल्स करेंगे। उत्तराखंड से ताशी के नेतृत्व में चार सदस्यों की टीम इस प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस टीम के मैनेजर रिटायर्ड कर्नल वी. एस.मलिक हैं।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत और विधायक गणेश जोशी भी उपस्थित थे।