ओएसडी रिश्वत प्रकरण पर भाजपा ने कहा- भ्रष्टाचार में डूब गई ‘आप’

नई दिल्ली । दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के रिश्वत प्रकरण को लेकर भाजपा आम आदमी पार्टी (आप) पर हमलावर हो गयी है। पार्टी ने शुक्रवार को कहा कि कोई ओएसडी अपने मंत्री की जानकारी के बिना रिश्वत नहीं ले सकता। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की वकालत करने वाले लोग अब सत्ता मिलने पर खुद भ्रष्टाचार में डूब गये हैं। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, “कोई ओएसडी अपने मंत्री की जानकारी के बिना रिश्वत नहीं ले सकता। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की वकालत करने वाले आंदोलन के समय सपना दिखाते थे कि आम आदमी के हाथ में ही सब कुछ होगा, लेकिन सत्ता मिलते ही आकंठ भ्रष्टाचार में डूब गये।”
दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ट्वीट कर कहा, “भ्रष्टाचार के खिलाफ…अन्ना जी के सहारे बनायी इस आम आदमी पार्टी ने दिल्ली से विश्वासघात किया है। उप-मुख्यमंत्री  मनीष सिसोदिया के ओएसडी रंगेहाथों पैसे लेते पकड़ा गया…अब क्या बोलें?”
भाजपा के राज्यसभा सदस्य विजय गोयल ने कहा कि ‘आप’ के नेता, विधायक और उनका स्टाफ कितने गलत कार्यों में लिप्त हैं ये सामने आ रहा है। अभी भी समय है जनता इनके बारे में फैसला करे। अरविंद केजरीवाल के सत्ता से हटने के बाद कितने भ्रष्टाचार सामने आएंगे आप इसके बारे में सोच भी नहीं सकते। शुक्र है मनीष सिसोदिया ने मान तो लिया, ये नहीं कहा कि यह चुनावी साजिश है। 

पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि अति विनयम, धूर्त लक्षणम! जरूरत से ज़्यादा विनम्रता का दिखावा करने वाला अंदर से उतना ही चालाक होता है। दुनियाभर को चोर कहने वाले अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया अपने ही घर में लुटेरे को न पहचान सके?उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद हंसराज हंस ने कहा कि ये असलियत है आम आदमी पार्टी के नेताओं की, आज ओएसडी कल कोई और।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने उप-मुख्यमंत्री सिसोदिया के ओएसडी गोपाल कृष्ण माधव को गुरुवार रात दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। हालांकि सिसोदिया ने गिरफ्तार ओएसडी माधव को सख्त सजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.