करनाल विधानसभा सीट पर विपक्ष दूर-दूर तक नहीं: मुख्यमंत्री

करनाल । करनाल के भाजपा उम्मीदवार व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में विपक्षियों को धराशायी करते हुए कहा कि उनके सामने विपक्ष दूर-दूर तक नहीं है। पूरा मैदान खाली है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल के काछवा रोड पर मेहता फार्म पर एक जनसभा को संबाेधित कर रहे थे। इस मौके पर इनेलो के उम्मीदवार मनोज वाधवा ने कई कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गए। साथ ही बीएसपी से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके पंकज चौधरी और लोसपा के वीरेंद्र शर्मा व उनके तमाम कार्यकर्ता मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी सदस्यता ग्रहण की। इन सभी का कहना है कि वे भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर और करनाल के विकास में सहयोग करने के लिए इस पार्टी में आस्था दिखा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने सभी को पटका पहनाकर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारी पार्टी में ईमानदार लोगों के लिए हमेशा दरवाजे खुले हैं। करनाल विधानसभा में इस बार एक लाख पार का लक्ष्य रखा गया है। इस टारगेट को भारतीय जनता पार्टी आसानी से पार कर लेगी। करनाल के चुनावी मैदान में मुख्यमंत्री के सामने विपक्ष सिर्फ खानापूर्ति के लिए उतरा है। उन्होंने जजपा उम्मीदवार पर चुटकी लेते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को चुनाव मैदान में होना था, वह आज पुलिस हिरासत में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल विधानसभा सीट पर विपक्ष कहीं दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रहा। करनाल में पूरा मैदान खाली पड़ा है। कांग्रेस ने उम्मीदवार खड़ा करके अपनी खानापूर्ति कर ली है। कांग्रेस के इतिहास से करनाल की जनता भलीभांति परिचित है। जजपा पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि एक नई नई पार्टी ने एक ऐसे उम्मीदवार को खड़ा कर दिया जो प्रसिद्धि पाने के लिए नए-नए कारनामे करता रहता है। अभी पता चला है कि वह किसी केस में पुलिस हिरासत में है। करनाल की जनता में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार कांग्रेस और इनेलो के जो मजबूत रहे, वे सभी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। इस चुनाव में भाजपा का कमल खिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ लगे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि करनाल में इतना कमल खिला देना कि मशीनें भी दंग रह जाएं। कार्यक्रम में प्रदेश महिला अध्यक्ष निर्मला बैरागी, जिला अध्यक्ष जगमोहन आनन्द,दलपत कादयान, मनोज मेहता, पार्षद रजनी प्रोचा, जगदेव पाढ़ा, जोगिंद्र सरपंच, वीर विक्रम सिंह पार्षद, कृष्ण गर्ग, किसान मोर्चा अध्यक्ष सतीश राणा,पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता,सोनिया पंडित आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.