नलबंदी में दिक्कत आने से महिला की मौत

जींद । सिविल अस्पताल में करवाई गई नलबंदी में दिक्कत आने के चलते एक महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सक की लापरवाही के कारण महिला की मौत हुई है। गुरुवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने चिकित्सक बोर्ड से मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। जानकारी के अनुसार मनोहरपुर गांव के दिलावर की पत्नी 35 वर्षीय पिंकी ने 3 जून को सिविल अस्पताल में नलबंदी करवाई थी। इसके बाद उसी दिन पिंकी को छुट्टी दे दी गई। पिंकी की हालत बिगड़ती चली गई। गुरुवार को पिंकी के हालत और ज्यादा खराब होने पर उसे सिविल अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान पिंकी की मौत हो गई। मृतका के पति दिलावर ने आरोप लगाया कि नलबंदी का आप्रेशन होने के बाद से ही उसकी पत्नी को दिक्कत हो गई थी। चिकित्सक को अवगत करवाया गया था। इसके बावजूद उसे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद से उसकी पत्नी के हालत हर रोज बिगड़ रही थी।  हालत ज्यादा खराब होने पर सिविल अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी पत्नी ने दम तोड़ दिया। दिलावर ने आरोप लगाया कि चिकित्सक की लापरवाही के कारण उसकी पत्नी की मौत हुई है। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस सिविल अस्पताल पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव का चिकित्सक बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका अपने पीछे 3 बच्चे छोड़ गई है। सिविल लाइन थाना के कार्यवाहक प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि मृतका के परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल मृतका के शव का चिकित्सक बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.