पूर्वोत्तर हिंसा : गुवाहाटी से हटा कर्फ्यू, डिब्रूगढ़ में रात 8 बजे तक ढील
गुवाहाटी। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर राज्य में बुधवार से जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच मंगलवार को राजधानी गुवाहाटी से कर्फ्यू को पूरी तरह से हटा लिया गया है। डिब्रूगढ़ में सुबह 06 से रात 08 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। जबकि अन्य इलाकों से भी कर्फ्यू हटा लिया गया है।
पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय आदि में भी विरोध प्रदर्शन जारी है। हालांकि त्रिपुरा में आंदोलन पूरी तरह से समाप्त हो गया है, कुछ संगठन जरूर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मिजोरम और मणिपुर में भी सामान्य रूप से आंदोलन हो रहा है। राजधानी गुवाहाटी में सड़कों पर चहल-पहल सामान्य हो गई है जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में भी स्थिति सामान्य देखी जा रही है।