मंत्रोच्चारण और शंखनाद के साथ शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव

कुरुक्षेत्र। मंत्रोच्चारण और शंखनाद की गूंज के बीच अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का मंगलवार की सुबह यहां शुभारंभ हो गया। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंत्रोच्चारण के बीच ब्रह्मसरोवर के पवित्र जल का आचमन कर पवित्र ग्रंथ गीता का पूजन कर नौ कुंडीय गीता यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर महोत्सव की विधिवत रूप से शुरूआत की। गीता महोत्सव 8 दिसंबर तक चलेगा। हालांकि सरस और शिल्प मेला 10 दिसम्बर तक चलेगा। मंगलवार की सुबह-सुबह पुरुषोत्तपुरा बाग हरियाणवी परंपरागत वाद्य यंत्रों की धुन से गूंज उठा। गीता के श्लोको के उच्चारण से पूरा माहौल गीता के रंग में रंग गया। देश भर से पहुंचे कलाकारों ने मेहमानों की मेहमानावाजी में कोई कसर नहीं छोड़ी और कला प्रदर्शन से सभी की सराहना भी बटोरी। प्रशासन की ओर से पुरुषोत्तमपुरा बाग को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है और सुंदर रंगोली व पेटिंग ने कार्यक्रम स्थल की शोभा को चार-चांद लगाने का काम किया। 
गीता महोत्सव में पहुंचने पर राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उतराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, शिक्षामंत्री हरियाणा कवंरपाल गुर्जर, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल का थानेसर विधायक सुभाष, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा व उपायुक्त डॉ.एसएस फुलिया ने पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.