रतन टाटा ने सरसंघचालक से की मुलाकात

नागपुर । देश के जानेमाने उद्योगपति रतन टाटा बुधवार की सुबह अचानक नागपुर पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय जा कर सरसंघचालक मोहन भागवत से मुलाकात की। टाटा और भागवत की बीते तीन वर्षो में यह तीसरी मुलाकात है। 
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार बुधवार को किसी काम से नागपुर पहुंचे उद्योगपति रतन टाटा सुबह 9.30 बजे नागपुर के महल इलाके में स्थित संघ मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होने सरसंघचालक मोहन भागवत से करीब 30 मिनट तक चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि इस मुलाकात के पीछे किसी तरह की राजनीतिक या चुनावी वजह नहीं है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश और समाजहित में काम करने वाले सभी लोगों से अच्छे संबंध रखता है। टाटा परिवार तथा उनका उद्योग समूह सामाजिक कार्यो में निरंतर रूप से सक्रिय रहता है। संघ तथा टाटा के बीच देश और समाज सेवा का यह जज्बा सम्बंधों की आधारशिला है। 
इससे पहले 2016 में रतन टाटा और शायना एन.सी. संघ प्रमुख से मुलाकात करने नागपुर जा चुके हैं। 24 अगस्त, 2018 को रतन टाटा और सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने मुंबई में एक स्वयंसेवी संस्था के आयोजन में मंच साझा किया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.