हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

शिमला । हिमाचल प्रदेश में फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा व शिमला जिलों के अधिक उंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार रात से बर्फ गिर रही है। राजधानी शिमला सहित छह शहरों का पारा शून्य से नीचे चला गया है। शिमला में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान -1.4  डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला से सटे विख्यात पर्यटन स्थल कुफरी में मनाली से भी अधिक ठंड पड़ी। यहां पारा -4.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलंग में चार सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। चांशल, खदराला, बिजाही, भरमौर और सराहन में भी ताजा हिमपात हुआ है। शिमला जिला के रोहड़ू में भी हल्का हिमपात हुआ। शिमला शहर में घने बादल छाए हुए हैं। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के केलंग में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.1 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।किन्नौर जिला के कल्पा में तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस , कुल्लू के मनाली में -1.8 डिग्री सेल्सियस और चंबा के डल्हौजी में -1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों की बात करें, तो सोलन में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस, जुब्बड़हटटी में 2.4 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 3 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 4.9 डिग्री सेल्सियस, सियोबाग व कांगड़ा में 5 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 5.1 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 5.5 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 6.6 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 7.2 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 7.5 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 7.9 डिग्री सेल्सियसऔर पांवटा साहिब में 9 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। 8 से 10 फरवरी तक राज्य भर में मौसम के साफ रहेगा, लेकिन 11 फरवरी को उच्च पर्वतीय इलाकों में फिर बर्फबारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.