दहेज नहीं मिला तो करवा दिया गर्भपात
फरीदाबाद। ससुराल वालों ने दहेज नहीं मिला तो बहू का जबरन गर्भपात करवा दिया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पति, देवर, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बुधवार को गांव बसंतपुर पल्ला निवासी अमीना (19) ने बताया कि उसकी शादी 8 अक्टूबर, 2019 को शेख शहनवाज निवासी गांव बसंतपुर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। मायके वालों ने भी कई बार पति और उसके परिजनों को समझाया, लेकिन उनका जुल्म-ओ-सितम कम नहीं हुआ। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। पीड़ित महिला के अनुसार ससुराल वालों ने दहेज की मांग जारी रखी। तब भी पूर्ति नहीं हुई तो ससुराल के लोग एक साजिश के तहत जांच करवाने के लिए उसे अस्पताल ले गए। वहां उसका गर्भपात करवा दिया। इस मामले की जांच अधिकारी एएसआई गीता ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर उसके पति शेख शाहनवाज, सास शमीमा शेख, ननद रोशनी और देवर अरूद्दीन शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।