मोहाली: बुधवार तड़के मोहाली के कई प्रमुख स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन सभी स्कूलों को तुरंत बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने स्कूलों को मिली धमकी की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों को बंद कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें स्कूल परिसरों की जांच में जुटी हुई हैं।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मानव मंगल पब्लिक स्कूल, रयान इंटरनेशनल स्कूल, पैरागॉन स्कूल, शेमरॉक स्कूल सहित अन्य बड़े शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं।
मोहाली पुलिस ने विभिन्न स्कूल परिसरों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और किसी भी संदिग्ध वस्तु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें। विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।