पंचकूला: सफाई, बेहतर नागरिक अवसंरचना और जवाबदेह शासन सुनिश्चित करने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत, आयुक्त श्री विनय कुमार के नेतृत्व में पंचकूला नगर निगम ने 7 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक विभिन्न वार्डों और सेक्टरों में प्रातः कालीन निरीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
इस कार्यक्रम के अनुसार, आयुक्त श्री विनय कुमार सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। श्री विनय कुमार 7 अप्रैल –वार्ड नंबर 12, सेक्टर 2; 8 अप्रैल – वार्ड नंबर 11, सेक्टर 4; 9 अप्रैल – वार्ड नंबर 11, सेक्टर 11; 10 अप्रैल – वार्ड नंबर 14 और 15, सेक्टर 20; 13 अप्रैल – वार्ड नंबर 13, सेक्टर 21; 15 अप्रैल – वार्ड नंबर 17, सेक्टर 25; और 16 अप्रैल – वार्ड नंबर 18, सेक्टर 26 का निरीक्षण करेंगे । सभी निरीक्षण प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे। इन निरीक्षणों के दौरान प्रमुख नागरिक मापदंडों की गहन समीक्षा की जाएगी, जिसमें घर-घर जाकर कूड़ा इकट्ठा करना, स्वच्छता के मानक, चल रहे विकास कार्यों की स्थिति, अतिक्रमण से जुड़े मुद्दे और निरीक्षण के दौरान निवासियों द्वारा उठाए गए अन्य मुद्दे शामिल हैं।
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले कार्यों से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड और अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहें।
यह औचक निरीक्षण इस उद्देश्य से शुरू किया गया है कि पिछले निरीक्षणों में सुझाए गए सुधार लगातार बनाए रखें जाएँ और फील्ड टीमें स्वच्छता व सेवा मानकों का निरंतर पालन करें।
निरीक्षण अभियान के 18वें दिन सेक्टर-12 में व्यापक समीक्षा की गई। इस दौरान घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था, पार्कों का रखरखाव, सार्वजनिक शौचालयों की देखरेख, सामुदायिक केंद्रों के प्रबंधन तथा नगर निगम की मशीनरी और उपकरणों का मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण को जागरूकता अभियान के साथ भी जोड़ा गया, जिसमें ‘मेशान’ और ‘आसमान फाउंडेशन’ के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्थानीय स्कूली छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश मजबूत किया।
आयुक्त श्री विनय कुमार ने बताया की नगर निगम पूरे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन निरीक्षणों का उद्देश्य केवल निगरानी करना नहीं, बल्कि जवाबदेही सुनिश्चित करना और जमीनी स्तर पर समस्याओं का समय पर समाधान करना भी है।
उन्होंने कहा की नगर निगम, पंचकूला के सभी निवासियों से अपील करता है कि वे इन प्रयासों में सक्रिय सहयोग करें। नागरिकों को कचरे के उचित निपटान की आदत अपनाने, इधर-उधर कूड़ा न फैलाने, अतिक्रमण से बचने तथा अपने क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम के कर्मचारियों के साथ सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, हरित और सुव्यवस्थित पंचकूला का लक्ष्य सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा और सभी संबंधित पक्षों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा करता है।