धर्मशाला : प्रदेश भर के राशन कार्ड धारक परिवारों को अप्रैल महीने से रिफांइड तेल दस रुपए महंगा मिलना शुरू हो गया है। इस बीच बड़ी राहत की खबर आम लोगों के लिए यह है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट एनएफएसए, गरीबी रेखा से नीचे बीपीएल व प्राइमरी हाउस होल्ड पीएचएच के परिवारों को 35 किलो आटा-चावल नि:शुल्क ही प्रदान किया जाएगा। इसमें 18 किलो 800 ग्राम आटे के एक रुपए 20 पैसे के हिसाब से दाम वसूले जाएंगे, जबकि 15 किलो चावल पूरी तरह से नि:शुल्क ही प्रदान किए जाएंगे। इसमें मात्र पीएचएच परिवारों को ही परिवार के प्रति सदस्य के तहत दो किलो 800 ग्राम आटा भी एक रुपए 20 पैसे व दो किलो प्रति व्यक्ति के हिसाब से चावल नि:शुल्क ही प्रदान किए जाएंगे। इस माह मध्ययम वर्ग के परिवारों को भी हल्की राहत के साथ गरीबी रेखा से ऊपर एपीएल परिवारों को प्रति परिवार 12 किलो आटा 12 रुपए के हिसाब से दिया जाएगा, जो कि पिछले महिने 11 किलो था, जबकि उससे पहले 14 किलो आटा ही प्रदान किया जाता था।
साथ ही छह किलो चावल प्रति परिवार 13 रुपए के हिसाब से प्रदान किए जाएंगे। इस बार रिफाइंड भी दस रुपए अधिक दाम पर डिपुओं में पहुंचा है, जो कि 125 की बजाय 135 रुपए के हिसाब से मिलेगा। खाद्य आपूर्ति विभाग कांगड़ा की ओर से सरसों तेल के दामों में सात रुपए की कमी के साथ 161 की बजाय 153 में डिपुओं में उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग कांगड़ा के खाद्य नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि उचित मूल्य के राशन के तहत रिफाइंड तेल डिपुओं में कुछ बढ़े हुए दामों सहित पहुंचा दिया है। एनएफएसए के तहत 35 किलो राशन एक लाख 80 हजार से अधिक परिवारों को डिपुओं में नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। साथ ही एपीएल परिवारों को भी आटा इस माह 12 किलो दिया जा रहा है।