कुल्लू : जिला कुल्लू और लाहुल-स्पीति में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। बीती रात से दोनों जिला में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। लाहुल-स्पीति की बात करें तो अटल टनल रोहतांग के नोर्थ पोर्टल सहित सिस्सू, कोकसर, ग्रांफू और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ ऊंची चोटियों में बर्फबारी का दौर जारी है।
जिला में बर्फबारी होने से बस सेवाएं बंद हो गई हैं। कुल्लू जिला की बात करें तो धुंधी और अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में बर्फबारी शुरू हो गई है। अब तक दो से तीन इंच बर्फ गिरी है। एनएच-305 पर जलोड़ी जोत पर भी बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फबारी होने से वाहनों की आवाजाही में ब्रेक लग गई है। यही नहीं लाहुल-स्पीति में लगभग सभी मार्गों पर बस सेवाएं ठप हो गई हैं। कुल्लू जिला में 20 सडक़ें अवरूद्ध हैं, वहीं 40 से अधिक ट्रांसफार्मर भी बंद हो गए हैं।