मंडी : नगर निगम चुनाव को लेकर टिकट आबंटन की पहेली सुलझाने को भाजपा और कांग्रेस में मंत्रणा का दौर चल रहा है। भाजपा पार्षद टिकट आबंटन को शिमला में 28 अप्रैल को बैठक करने जा रही है, जबकि कांग्रेस 29 अप्रैल को धर्मशाला में बैठक करने का फैसला लिया है, जबकि नगर निगम के लिए नामांकन की प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू होने वाली है। भाजपा की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष डाक्टर राजीव बिंदल सहित नेता प्रतिपक्ष विशेष रूप से मौजूद रहने वाले हैं। भाजपा ने चुनाव लडने वालों के जीताऊ होने का पता लगाने के लिए अंदरखाते एक सर्वे भी करवाया है और इसकी रिपोर्ट भी इस बैठक में पेश की जाएगी। इसके बाद ही भाजपा के टिकट आबंटन पर मुहर लगेगी।
कांग्रेस की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार सहित नगर निगम चुनाव प्रभारी और कुछ वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। गटिकट आबंटन से पहले प्रभारी कार्यकर्ताओं से फीड बैक लेंगे और इसी आधार पर बैठक में प्रत्याशियों के चयन को अंजाम दिया जाएगा। मंडी नगर निगम में 15 वार्डों के लिए टिकट आंबटन कमेटी की बैठक 29 अप्रैल को साढ़े चार बजे धर्मशाला में प्रस्तावित की गई है।
जिताऊ चेहरों की तलाश
भाजपा प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि शिमला में 28 अप्रैल को बैठक होगी और सभी की सहमति से जिताऊ चेहरे को प्रत्याशी बनाया जाएगा। वहीं, कांग्रेस के राज्य उपाध्यक्ष चेत राम ठाकुर ने बताया कि मंडी नगर निगम के लिए टिकट आबंटन 29 अप्रैल को धर्मशाला में होने वाली बैठक के बाद किया जाएगा।