शिमला : हिमाचल प्रदेश पुलिस की एचपीएस अधिकारी रेणु शर्मा नशा तस्करों को ढूंढ कर खदेड़ रही हैं। एसटीएफ की टीम ने शनिवार रात को ऊना जिला के संतोषगढ़ के पास लगाए गए नाके के दौरान एक कार को जांच के लिए रोका और जब उसकी तलाशी ली गई तो गाड़ी के ट्रंक में रखे पॉलीथीन पैकेटों से करीब 1.005 किलोग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरमुख सिंह, रमन कुमार और सर्वजीत सिंह उर्फ विंदर के रूप में हुई है, जो ऊना जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना सदर ऊना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार चंबा, कांगड़ा और ऊना तीन जिलों की एसटीएफ की कमान संभाल रही एचपीएस अधिकारी रेणु शर्मा ने शनिवार रात को पंजाब के साथ लगते ऊना जिला के बॉर्डर एरिया संतोषगढ़ में अब तक की सबसे बड़ी एक किलो से अधिक चिट्टे की खेप पकड़ी है। एचपीएस अधिकारी दो छोटी बच्चियों को घर छोडक़र नशा तस्करों को ढूंढ कर खदेड़ रही हैं। इससे पहले हमीरपुर जिला में विजिलेंस में रहते हुए कर्मचारी चयन आयोग में पेपर लीक स्कैम का भंडाफोड़ किया था। ऊना जिला के संतोषगढ़ नगर में पकड़ी गई एक किलो से अधिक चिट्टे की खेप पंजाब के गढ़शंकर से ऊना लाई जा रही थी।