शिमला : हिमाचल प्रदेश की फल मंडियों में इन दिनों स्टोन फ्रूट की जबरदस्त आमद ने रौनक बढ़ा दी है। पहाड़ों से ताजा प्लम, चेरी और खुमानी मंडियों तक पहुंचने लगे हैं, जिससे बागबानों को सीजन की अच्छी शुरुआत मिलने की उम्मीद जगी है। खासकर चेरी और खुमानी के बेहतर दामों ने बागबानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। राज्य की प्रमुख फल मंडियों ढली, कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों स्टोन फ्रूट की आवक लगातार बढ़ रही है। कारोबारियों के अनुसार कुल्लू का प्लम गुणवत्ता और स्वाद के कारण व्यापारियों की पहली पसंद बना हुआ है।
शिमला जिला के प्लम को भी 150 से 400 रुपए प्रति बॉक्स तक दाम मिल रहे हैं। ढली आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू ने बताया कि इस बार स्टोन फ्रूट की गुणवत्ता अच्छी है और मंडियों में खरीदारों की रुचि भी बढ़ी हुई है।
खुमानी 150 से 300 रुपए किलो
ढली मंडी में खुमानी 150 से 300 रुपए प्रति किलो तक बिकी। शुरुआती आवक कम होने और गुणवत्ता बेहतर रहने के कारण दाम मजबूत बने हुए हैं।
चेरी 300 से 800 रुपए प्रति बॉक्स
इस समय सबसे ज्यादा चर्चा चेरी की हो रही है। शुरुआती सीजन में ही चेरी के दाम 300 से 800 रुपए प्रति बॉक्स तक पहुंच गए हैं। अच्छे रंग और आकार वाली चेरी की बाजार में भारी मांग बनी हुई है।