पंचकूला : नगर निगम पंचकूला के आयुक्त श्री विनय कुमार ने आज सेक्टर-28 स्थित सामुदायिक केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां चल रहे रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सामुदायिक केंद्र की वर्तमान स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक केंद्र में स्वच्छता एवं रखरखाव की स्थिति अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई तथा चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति भी निर्धारित समयसीमा के अनुरूप संतोषजनक नहीं मिली। इस पर आयुक्त ने मौके पर ही संबंधित अभियंताओं, ठेकेदार तथा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रतिनिधियों को बुलाकर विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
श्री विनय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामुदायिक केंद्र परिसर की तत्काल प्रभाव से विशेष सफाई करवाई जाए, लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आयुक्त ने सामुदायिक केंद्र में स्थापित की जा रही लाइब्रेरी के कार्यों की भी समीक्षा की तथा इसे आगामी दो सप्ताह के भीतर पूर्ण कर आमजन के उपयोग हेतु उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सफाई कार्य उसी दिन पूर्ण कर उसकी फोटोग्राफ्स सायंकाल तक उनके कार्यालय में प्रस्तुत की जाएं, ताकि दिए गए निर्देशों के अनुपालन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
आयुक्त के निर्देशों पर अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सायंकाल निर्धारित समय के भीतर सफाई कार्य की अद्यतन फोटोग्राफ्स आयुक्त कार्यालय को प्राप्त हुईं, जिनके माध्यम से निर्देशों के अनुपालन की पुष्टि की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस प्रकार की व्यवस्थाओं में केवल औपचारिकता नहीं बल्कि स्थायी सुधार सुनिश्चित किया जाए।
श्री विनय कुमार ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी सामुदायिक केंद्रों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी कर रहा है तथा जहां कहीं भी कमियां पाई जाएंगी, वहां त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेह कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।