अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेवड़ा चण्डी स्थित माँ चण्डी मंदिर परिसर में मंदिर समिति एवं युवा कल्याण केंद्र द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थ संजय अवस्थी ने माँ चण्डी व भगवान श्री कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना कीउन्होंने उपस्थित लोगों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य और कर्म का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को सद्मार्ग पर चलने तथा मानवता के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय है, क्योंकि इससे युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ती है।विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू नवीन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में सत्त विकास की नींव रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पंहुचाने के लिए प्रयासरत है और इस दिशा में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों, शिक्षकों एवं गुरुजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक ही विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
उन्होंने सेवड़ा से करेड रूबाह तक एम्बुलैंस मार्ग के प्रारम्भिक निर्माण के लिए 5 लाख रुपए, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 05 लाख रुपए, ग्राम पंचायत चण्डी के लिए 20 सोलर लाईट, महिला मण्डल भवन सोरा कनैता के प्रारम्भिक निर्माण के लिए 02 लाख रुपए तथा महिला मण्डल सेवड़ा चण्डी को समान क्रय करने के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।