सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि युवा नशे से दूर रहे और अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में उपयोग करें। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के जौणाजी के सुप्रसिद्ध दो दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने इससे पूर्व जौणाजी में भगवान विष्णु के प्राचीन मंदिर तथा पंचमुखी महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र वासियों के सुख, सम्पन्नता और स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
डॉ. शांडिल ने कहा कि नशे से दूर रहकर ही आप अपने और अपने परिवार के बड़े सपनों को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि बुरी संगत से बचें और नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सभ्यता व संस्कृति के प्रतीक हैं। मेलों के माध्यम से न केवल आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है बल्कि हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी मेले, उत्सव एवं त्यौहार अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मेले मनोरंजन के साथ-साथ व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी करते हैं।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों का जीवन सरल बनाने के उद्देश्य से कई नवीन योजनाएं क्रियान्वित की गई है तथा इन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक पहुंचने में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. शांडिल ने वार्ड डयारग बुखार में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 02 लाख रुपए, महिला एवं युवक मण्डल भवन कनाह बजनाल के निर्माण के लिए 02 लाख रुपए, जौणाजी स्कूल से मार्ग तक एम्बुलैंस रोड़ के प्रारम्भिक निर्माण के लिए 01 लाख रुपए, भरोग गांव से कनाह बजनाल स्कूल तक मार्ग की मुरम्मत के लिए 01 लाख रुपए, डयारग बुखार में आंगनवाड़ी निर्माण के लिए 01 लाख रुपए देने की घोषणा की।