चंडीगढ़ : नशामुक्त चंडीगढ़ के लक्ष्य को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने विशेष एंटी-ड्रग अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत पुराने अपराधियों और पूर्व में नशे से जुड़े मामलों में शामिल लोगों की गतिविधियों, आवाजाही और संभावित कनेक्शन पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा ड्रग हॉटस्पॉट, संवेदनशील स्थानों, खाली इमारतों, मकानों, जंगल क्षेत्रों और कॉलोनियों में तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को नशे और हथियारों से जुड़े मामलों में 11 एफआईआर दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 109.56 ग्राम हेरोइन, बुप्रेनॉर्फिन के 15 इंजेक्शन और दो कमानीदार चाकू बरामद किए गए। अभियान के दौरान 56 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि स्नैचिंग, बॉडी क्राइम और अन्य मामलों में 13 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि 11 सितंबर 2026 से शुरू हुए विशेष एंटी-ड्रग अभियान के तहत अब तक 16 एफआईआर दर्ज कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 148.75 ग्राम हेरोइन, बुप्रेनॉर्फिन के 15 इंजेक्शन और तीन कमानीदार चाकू बरामद हुए हैं, जबकि 114 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अभियान के तहत पुलिस के एसडीपीओ और थाना प्रभारियों ने आरडब्ल्यूए, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन तथा मेडिकल शॉप संचालकों के साथ बैठकें कर संदिग्ध गतिविधियों, नशा तस्करों और संवेदनशील स्थानों की जानकारी साझा करने के लिए सहयोग मांगा है।
चंडीगढ़ पुलिस ने नशे की तस्करी, बिक्री और कब्जे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए कहा कि नशा सप्लायरों, पैडलरों, दोबारा अपराध करने वालों और ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपने आसपास नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है।