चंडीगढ़(जगदीप) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरकारी स्कूलों में सफाई अभियान और ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बच्चों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
जीएमएमएस, पॉकेट नंबर-6 स्कूल में कक्षा 6वीं और 8वीं के 60 बच्चों ने इस ड्राइंग प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के विषय थे—बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ; स्वच्छ भारत, हरित भारत; और पृथ्वी बचाओ, भविष्य बचाओ। सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
स्कूल प्रशासन ने बताया कि सभी प्रतिभागियों का प्रदर्शन इतना अच्छा रहा कि शीर्ष तीन विजेताओं का चयन करना कठिन हो गया। ये बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और उन्हें प्रोत्साहन व प्रेरणा की आवश्यकता है। इसी भावना से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री नितिका गुप्ता और वरींदर गुप्ता ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया तथा उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को अपने सपनों को पूरा करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न सरकारी स्कूलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा पीढ़ी में स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा हो।