पंचकूला : कालका स्थित काली माता मंदिर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सदस्यों की कमेटी ने अधिकारियों और ठेकेदार के साथ समीक्षा बैठक की। पंचकूला के पूर्व मेयर एवं माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड के सदस्य कुलभूषण गोयल ने निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को 31 दिसंबर तक मंदिर के डोम का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से विकास एवं निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। योजना के तहत मंदिर का स्ट्रक्चर तैयार करने के साथ डोम, हाल, धर्मशाला और श्रद्धालुओं के लिए अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जानी हैं। मंदिर के स्वरूप को आकर्षक बनाने के लिए कमल के फूल की आकृति को भी निर्माण डिजाइन में शामिल किया गया है।
बैठक में आरपी मल्होत्रा, सदस्य सचिव पृथ्वीराज, एसडीओ पाहूजा, एचएसवीपी के एक्सईएन अरविंद, एसडीओ, जेई और इलेक्ट्रिकल विभाग के एमई राणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कुलभूषण गोयल ने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और निर्माण की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।