भिवानी: जिला कांग्रेस कमेटी भिवानी (शहरी) की कार्यकारिणी बैठक गुरुवार को स्थानीय रोहतक रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को जिले के प्रत्येक बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और वोट रक्षक कार्यक्रम की आगामी रूपरेखा पर मंथन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती भी मनाई और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निर्णय लिया गया कि वोट रक्षक कार्यक्रम के तहत गांव-गांव, वार्ड और प्रत्येक मतदान केंद्र तक कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाताओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे तथा मतदाता सूची व मतदान प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने संगठन की मजबूती और वर्तमान राजनीतिक मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि भले ही 12 साल के लंबे अंतराल के बाद संगठन का विस्तार हुआ है और पिछले चुनाव में संगठन न होने की कमी खली थी, लेकिन अब संगठन पूरी तरह मजबूत है और कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर जनता की आवाज उठा रहा है।
प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान की कड़ी में वोट रक्षक अभियान की शुरूआत की गई है। जिसके तहत आई एम वोट रक्षक, नाम से एक साईट भी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत हर बूथ पर एक वोट रक्षक तैनात किया जाएगा, जो कि भाजपा द्वारा काटे गए गलत वोटों की गहनता से जांच करेंगे तथा उन्हे दोबारा से बनवाने का कार्य कांग्रेस के वोट रक्षक करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एक भी सही वोट को बचाना व गलत वोट को हटाना रहेगा। इसके लिए 22 नवंबर को हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त व प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भिवानी पहुंचेंगे तथा स्थानीय तिलक भवन में बैठक लेंगे।
सफाई कर्मचारियों के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान खुद पर दर्ज हुई एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी पार्टी या झंडे का अपमान नहीं किया गया था, बल्कि सत्ता में होने के कारण सांकेतिक विरोध जताया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर गलत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी भिवानी के नागरिक और कार्यकर्ता निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे एक नहीं बल्कि 20 मुकदमे दर्ज कर ले, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता और कर्मचारियों के हक की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे।