अरब सागर मे नाव पलटी, 11 मछुआरे बाल-बाल बचे

मुंबई। यहां अरब सागर तट के 35 नॉटिकल मील अंदर मछली पकड़ने गयी मछुआरों की एक नौका पलट गई। हालांकि इस दुर्घटना में सभी 11 मछुआरे बाल-बाल बच गए। 

पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि पालघर के सातपाटी इलाके में रहने वाले सुनील तांडेल की नौका साईं लक्ष्मी को मछुआरे विजय बागा ने किराए पर ली थी। साईं लक्ष्मी 11 मछुआरों के साथ उत्तन इलाके से मछली पकड़ने के लिए समुंदर में गयी हुई थी। उसी दौरान समुद्र में तेज हवाओं से ऊंची-ऊंची लहरें उठने लगीं। इसके बाद मछुआरों की नौका तेज हवाओं और नाव में रखे मछली पकड़ने के जालों का एकतरफा भार पड़ने के बाद पलट गई। सभी मछुआरे समुंदर में डूबने लगे तभी पास में ही अन्य नौकाओं पर सवार मछुआरों की नजर डूब रहे मछुआरों पर पड़ी और उनकी मदद से सभी को बचा लिया गया। उसके बाद उनको उत्तन के समुद्री तट पर लाया गया। फिलहाल सभी मछुआरे सुरक्षित अपने-अपने घर पहुंच गए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.