एस.बी.एस. नगर पुलिस ने बंगा कत्ल कांड को एक हफ़्ते में सुलझाया

कत्ल किए गए व्यक्ति की बहन समेत तीन मुलजि़म गिरफ्तार और 45 हज़ार रुपए की फिरौती की रकम भी बरामद: एसएसपी सन्दीप कुमार

चंडीगढ़/एसबीएस नगर। बंगा ब्लाइंड कत्ल केस को एक हफ़्ते में सुलझाते हुए एसबीएस नगर पुलिस ने गुरूवार को कत्ल किए गए व्यक्ति की बहन समेत तीन मुलजि़मों को गिरफ्तार करके उनके पास से 45,000 रुपए की फिरौती की रकम भी बरामद कर ली है। एस.बी.एस. नगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी देते हुए एस.एस.पी श्री सन्दीप कुमार ने बताया कि अमरजीत सिंह निवासी सल्ल कलाँ (बंगा), जिसको 25 मई 2022 को दो अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मारकर कत्ल कर दिया था, की हत्या के सम्बन्ध में थाना सदर बंगा में केस नंबर 51/2022 अधीन 302 आई.पी.सी. और 25 शस्त्र अधिनियम दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि मामले की जाँच के दौरान यह बात सामने आई है कि मुलजि़म मनदीप कौर, जो कत्ल किए गए अमरजीत सिंह की बहन है, ने अपनी सहेली गुरविन्दर कौर निवासी चरण (एस.बी.एस. नगर) के साथ मिलकर अमरजीत सिंह के कत्ल की साजिश रची थी। गुरविन्दर कौर ने आगे लखबीर कुमार निवासी महमूदपुर गदरियाँ से संपर्क किया। लखबीर कुमार ने अमरजीत सिंह को मारने के लिए सरबजीत सिंह निवासी चरनां के साथ 75,000 रुपए में सौदा तय किया। इसके बाद 25.05.2022 को सरबजीत सिंह ने अपने अज्ञात दोस्त के साथ मिलकर अमरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में मुलजि़म मनदीप कौर, गुरविन्दर कौर और लखबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके पास से फिरौती के 45,000/- रुपए भी बरामद किए गए हैं। एसएसपी एसबीएस नगर ने बताया कि मुलजि़म सरबजीत सिंह और उसके साथी मुलजि़म अभी फऱार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.