कुफरी और नारकंडा में बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिले

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। शिमला से सटे पर्यटक स्थलों कुफरी और नारकंडा में बुधवार की रात से हल्की बर्फबारी हो रही है। इससे पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं और बड़ी तादाद में पर्यटक इन स्थलों में पहुंचने लग गए हैं। ताजा बर्फबारी का कुफरी और नारकंडा में सामान्य जनजीवन पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है तथा वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है।  शिमला शहर में गुरुवार की सुबह से हल्की वर्षा हो रही है। यहां का मौसम बर्फबारी के अनुकूल बना हुआ है। सैलानियों को शिमला में मौसम के पहले हिमपात का बेसब्री से इंतजार है। दिसम्बर के महीने में यहां अक्सर बर्फबारी होती है।  मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान शिमला सहित राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। राज्य सरकार ने पांच जिलों शिमला, कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के उपायुक्तों को बर्फबारी से निपटने के लिए उपयुक्त इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। शिमला जिला प्रशासन की तरफ से पर्यटकों, लोगों व वाहन चालकों को को सलाह दी गई है कि वे ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से पहले सड़क की स्थिति के बारे में पता कर लें।

उधर, जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भी बर्फबारी का दौर जारी है। चंबा व कुल्लू की पहाड़ियों पर भी ताजा हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रो, लेडी ऑफ केलंग व नीलकंठ की पहाड़ियों में भी बर्फ गिर रही है। कांगड़ा जिला में धौलाधार की पहाड़ियां भी बर्फ से लकदक हो गई हैं। हिमपात व बारिश से प्रदेश में तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस तक  गिर गया है।  मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश व बर्फबारी हो रही है। उन्होंने अगले 24 घंटों के दौरान पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मैदानी क्षेत्रों में 14 तथा मध्यम व उंचाई वाले भागों में 16 दिसम्बर तक मौसम के खराब रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.