देश को फिर से मजबूत सरकार देने का मन बना चुकी है दिल्ली : मनोज तिवारी
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने शुक्रवार को घोंडा विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर जन समर्थन मांगा। भाजपा के खिलाफ बन रहे राजनीतिक समीकरणों पर निशाना साधते हुए तिवारी ने कहा कि देश विरोधी ताकतों से लेकर भ्रष्टाचार से जुड़े लोग गठबंधन कर रहे हैं लेकिन दिल्ली की जनता ने अब देश को एक बार फिर से मजबूत सरकार देने का मन बना लिया है।
तिवारी ने रोड शो बी-5, यमुना विहार की मार्केट से शुरू होकर यमुना विहार, भजन पुरा, गांवडी, अरविंद नगर, करतार नगर, जगजीत नगर, उस्मानपुर, सुदामापुरी आदि क्षेत्रों में निकाला गया। इस दौरान फूल माला पहनाकर क्षेत्र की जनता ने तिवारी का स्वागत किया।
इससे पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि जनता ने अब देशभर से आतंकवाद के खात्मे का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का दंश झेलने वाला भारत अब पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर रहा है। भ्रष्टाचारी घबराकर देश छोड़कर विदेश भाग रहे हैं और देशद्रोहियों में बेचैनी है। जनता जानती है कि वर्षों कांग्रेस के कुशासन में जमकर भ्रष्टाचार हुआ, कांग्रेस नेताओं की संपत्तियां बढ़ीं लेकिन देश का विकास नहीं हुआ।
भाजपा नेता ने कहा कि केन्द्र सरकार की पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज वाली आयुष्मान स्वास्थ्य योजना और आर्थिक आधार पर सामान्य श्रेणी की जनता को आरक्षण देने वाली योजनाओं से दिल्ली की जनता को वंचित रखने के लिए आम आदमी पार्टी(आप) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार पर जमकर निशाना साधा। तिवारी ने कहा कि अब दिल्ली में भी पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की राह आने वाली 12 मई को खुल जाएगी, जब आम आदटी तथा कांग्रेस का गठजोड़ अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएगा।
रोड शो के दौरान जिला अध्यक्ष अजय महावर, पूर्व सांसद लाल बिहारी तिवारी, जोन चेयरमैन प्रमोद गुप्ता, शिक्षा समिति के चेयरमैन राजकुमार बल्लन, भाजपा नेता प्रवेश शर्मा, चौधरी महक सिंह, रामनरेश पाराशर, आनंद त्रिवेदी, डॉ यू.के. चौधरी, भीष्म शर्मा, निगम पार्षद गुरजीत कौर, दुर्गेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष मोहित नागर, नरेंद्र बेलवाल, नरेन्द्र कुमार, राघवेंद्र भदौरिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।