बिलासपुर के आईटीबीपी जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
बिलासपुर । बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के आईटीबीपी जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव संदियार में पूरे सैन्य सम्मान के साथ हुआ। उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार को पैतृक गांव पहुंचा। उनके दोनों बेटों ने उन्हें मुखाग्नि दी। घुमारवीं से विधायक राजेन्द्र गर्ग, पूर्व विधायक राजेश धर्माणी, उपायुक्त राजेश्वर गोयल, एसपी साक्षी वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने जवान को अंतिम विदाई दी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बीते बुधवार को आईटीबीपी में तैनात बिलासपुर के जवान महेंद्र सिंह की उनके साथी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह 12 साल पहले आईटीबीपी में भर्ती हुए थे।उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और बुजुर्ग माता-पिता हैं। जवान के पिता कर्म सिंह भी आईटीबीपी से बतौर इंस्पेक्टर रिटायर हुए हैं। महेंद्र सिंह का बड़ा बेटा सूर्य कक्षा तीसरी और छोटा बेटा अर्णव दूसरी कक्षा में पढ़ता है।